बिलसंडा। मुड़गवां गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर जलाए गए दीपक से एक मजदूर की पशुशाला में आग लग गई। इसमें नौ साल का बेटा झुलस गया, जबकि एक पशु की मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। झुलसे बालक को जिला अस्पताल भर्ती कराया है।
मुड़गवां गांव के नेकपाल ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं और परिवार के साथ छप्परनुमा मकान में रहते हैं। आगे के हिस्से में पशुशाला बनी हुई है। रविवार रात नौ बजे प्रधानमंत्री की अपील पर उन्होंने अपने घर दीपक जलाए थे। एक दीपक पशुशाला में भी जलाकर रखा गया था। इसके बाद सभी छप्पर में सोने चले गए। रात करीब साढ़े 10 बजे उससे पशुशाला में आग लग गई। जब तक परिवार वालों को इसकी भनक लगी, तब तक आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। मजदूर ने आग की लपटें देख शोर मचाकर ग्रामीणों को जमा किया। इसके बाद बमुश्किल आग बुझाई जा सकी। हादसे में मजदूर का नौ साल का बेटा हितेश झुलस गया। इसके अलावा एक पशु जलकर मर गया। साथ ही साइकिल व कुछ अन्य सामान जल गया। आनन-फानन में हितेश को रात में ही परिवार वाले सीएचसी लाए। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेखपाल रामस्वरुप ने सोमवार को मौका मुआयना कर नुकसान का आकलन किया।