पिपरिया मजरा में फसल में लगी आग।स्रोत:ग्रामीण
पूरनपुर/घुंघचाई। घुंघचाई के गांव पिपरिया मझरा में बुधवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग से किसानों की करीब 12 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। नरई व आठ झोंपड़ी भी जल गईं। किसानों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बृहस्पतिवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्वे और नुकसान का आंकलन किया।
ग्रामीणों के मुताबिक, खेत में लगे ट्रांसफार्मर के पास बिजली लाइन से निकली चिंगारी गेहूं के खेत में गिरी और आग पकड़ ली। आंधी की वजह से आग ने पड़ोस के खेतों को चपेट में ले लिया। इस दौरान 12 एकड़ फसल जल गई। कई खेतों में भूसा बनाने को छोड़ी गई नरई भी जल गई। गांव निवासी भाकियू नेता कुलवंत सिंह सोनी ने बताया कि गांव के समीप तालाब किनारे आठ किसानों ने अपनी झोपड़ियां डाल रखी थीं। वे भी जलकर राख हो गईं। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि पिपरिया मजरा गांव में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम को मौके पर भेजा गया है। किसानों को जल्द ही मुआवजा दिलाया जाएगा।