पीलीभीत। 14 और 15 मार्च को प्रस्तावित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा से पहले बृहस्पतिवार को अंतिम रिहर्सल कराई गई।
जिले में परीक्षा के लिए छह केंद्र बनाए गए हैं। इनमें उपाधि महाविद्यालय, रामा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज शामिल हैं। प्रत्येक दिन परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
एडीएम न्यायिक रोशनी यादव, एएसपी विक्रम दहिया ने अफसरों के साथ शहर के सभी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, घड़ी, एटीएम कार्ड या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लाने की अनुमति नहीं होगी।
रेलवे स्टेशन, रोडवेज समेत अन्य चौराहों पर तैनात रहेगा पुलिस बल
परीक्षा के मद्देनजर बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो सके इसके भी इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के दौरान रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस बल की तैनाती रहेगी। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा समाप्त होने के बाद जब तक अभ्यर्थी सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों से निकलकर अपने गंतव्य की ओर रवाना नहीं हो जाते, तब तक पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेंगे।