बीसलपुर। जनता टेक्निकल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनाती के दौरान करोड़ों रुपये का घोटाला करने वाले अपने कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इल्हाम शम्सी को शनिवार को अंतिम नोटिस भेजा है। इसमें निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण न देने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
जनता टेक्निकल इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमरेश सक्सेना ने बताया कि उनके कॉलेज का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी काफी समय से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में संबद्ध था। वह वहां वेतन बिल पटल की जिम्मेदारी संभालता था। उसने संबद्धीकरण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में करोड़ों का घोटाला किया है। मामला का खुलासा होने के बाद फरवरी माह में आरोपी को निलंबित करने के साथ शहर कोतवाली में उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से गठित तीन सदस्यीय टीम ने इस कर्मचारी द्वारा किए गए घोटाले की जांच रिपोर्ट बनाकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को सौंप दी थी। जांच रिपोर्ट की एक प्रतिलिपि कॉलेज में भी आई थी। प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार सक्सेना ने उसी जांच रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को आरोपी कर्मचारी के घर पंजीकृत डाक से अंतिम नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि 15 दिन के भीतर वह अपना स्पष्टीकरण कॉलेज को दें, अन्यथा उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। प्रबंधक ने बताया कि अब कर्मचारी के स्पष्टीकरण की प्रतीक्षा की जा रही है। संवाद