उमस भरी गर्मी में मंगलवार रात एक बार फिर लोगों को बिजली की समस्या से जूझना पड़ा। ओवरलोडिंग से नकटादाना चौराहे के पास लगे ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई, जिससे आधे शहर की बिजली रात भर गुल रही। दूसरे दिन दोपहर को सुधार कार्य कराने के बाद सप्लाई को सुचारू कराया जा सका। करीब पंद्रह घंटे तक लोग बिजली को लेकर परेशान रहे।
रात करीब नौ बजे ओवरलोड के चलते नकटादाना पर लगे ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई, जिससे नकटादाना बिजली घर से दी जाने वाली सप्लाई ठप पड़ गई। निरंजनकुंज कालोनी, आवास विकास, साहूकारा, डालचंद, कबीर खां समेत आधे शहर अंधेरे में डूब गया। लोग रातभर बिजली का इंतजार करते रहे। देर रात तक सप्लाई सुचारू न होने पर लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेनी चाही। पर किसी का संपर्क नहीं हो सका, तो कहीं नंबर रिसीव नहीं हुए। पूरी रात गर्मी में लोग परेशान होते रहे। बुधवार सुबह भी बिजली सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी। लोगों के इनवर्टर भी चंद घंटे चलकर फेल हो गए। पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई। विभागीय अधिकारियों ने सुबह टीम को मौके पर सुधार के लिए भेजा, जिसके बाद दोपहर में सप्लाई सुचारू कराई जा सकी। इस दौरान करीब पंद्रह घंटे तक लोगों को बिजली की समस्या रही।
सुधार न होने पर आंदोलन करेगा व्यापार मंडल
दिनोंदिन बिगड़ती जा रही बिजली व्यवस्था को लेकर व्यापारी आक्रोशित हैं। शेड्यूल के मुताबिक सप्लाई न मिलने पर आंदोलन की रणनीति बनाई जा रही है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आफरोज जिलानी का कहना है कि शेड्यूल के मुताबिक चार घंटे की कटौती होनी चाहिए, लेकिन आठ से दस घंटे बिजली काट दी जाती है, जिससे घरेलू एवं व्यवसायिक जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। एक मीटिंग का आयोजन कर रणनीति तैयार की जाएगी। जिसके बाद बिजली व्यवस्था के सुधार के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस नंबर पर जानें बिजली के आने-जाने का समय
पीलीभीत। शेड्यूल के मुताबिक बिजली न सही, लेकिन बिजली आने जाने का सही समय और कारण जनता को जरूर पता लग सकेगा। विभाग ने इसके लिए एक कंट्रोल रूम गैस चौराहा विद्युत उपकेंद्र पर बनाया है। इसमें आठ-आठ घंटे की ड्यूटी पर तीन कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। अधिशासी अभियंता लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि ये कंट्रोल रूम चौबीस घंटे काम करेगा। बिजली से जुड़ी जानकारी करने के लिए उपभोक्ता 9415907156 नंबर पर काल कर ले सकते है। इसकी शुरूआत कर दी गई है।