पीलीभीत। शहर में सोमवार की रात कई इलाकों में फॉल्ट व मंगलवार दिन में बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं को परेशान किया। कई इलाकों में फेस व हाई-वोल्टेज आ जाने से उपभोक्ताओं के विद्युत उपकरण भी फुंक गए।
शहर में रोजाना हो रहे फॉल्ट व बिजली कटौती की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है। सोमवार की रात करीब 8:30 बजे मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में ट्रांसफार्मर में समस्या आने से वहां के उपभोक्ताओं को आधा घंटा बिजली आपूर्ति नहीं मिल सकी। रात दस बजे मोहल्ला भूरे खां में फेस की समस्या होने से आपूर्ति बाधित रही। रात 11 बजे बल्लभ नगर कॉलोनी स्थित मजार के समीप फॉल्ट होने से फेस चला गया। रात 12 बजे मोहल्ला भूरे खां में उपभोक्ताओं को आधा घंटा आपूर्ति नहीं मिल सकी। वल्लभनगर में रात के समय फेस की समस्या को सही किया गया तो वोल्टेज हाई हो गया। इससे लोगों को परेशानी हुई।
मंगलवार की सुबह आठ बजे ललौरीखेड़ा फीडर का केबल बॉक्स डैमेज होने से शहर के कुछ इलाके की आपूर्ति बाधित रही। एसएन इंटर कॉलेज के समीप तकनीकी समस्या से आस-पास के लोगों की आपूर्ति बाधित रही। खकरा चौकी के पास नया खंभा लगाया गया। इससे इस क्षेत्र से जुड़े उपभोक्ताओं को आपूर्ति नहीं मिल सकी। शहर के साहूकारा में लाइट बाधित रही। मंगलवार को दिन में वल्लभ नगर कॉलोनी में फेस की समस्या दोबारा हुई। समस्या सही होने के बाद हाई-वोल्टेज आने से लोगों के उपकरण फुंक गए। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि कुछ जगह दिक्कत आई थी। उसे सही करा दिया गया। संवाद