बीसलपुर। पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर टोल प्लाजा के पास ट्रक की चपेट में आकर जान गंवाने वाले गांव परसिया निवासी पिता-पुत्र का सोमवार की देर शाम एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों को रोता-बिलखता देख ढांढस बंधा रहे लोग भी रो पड़े। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव परसिया निवासी एसएसबी जवान वीरपाल सोमवार की सुबह ड्यूटी पर पीलीभीत जाने के लिए शेरगंज रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उनका पुत्र सुमित बाइक से उन्हें स्टेशन छोड़ने जा रहा था। रास्ते में सिमरा अकबजरगंज के पास स्थित टोल प्लाजा पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक में उनकी बाइक फंस गई। बाइक और पिता-पुत्र दोनों काफी दूरी तक ट्रक के साथ घिसटते चले गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। शव आते ही घर में कोहराम मच गया। देर शाम गमगीन माहौल में पिता-पुत्र के शवों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अंतिम संस्कार में एसएसबी जवान भी शामिल हुए। क्रांतिकारी विचार मंच के प्रांतीय संरक्षक देव स्वरूप पटेल ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। इधर, कोतवाली पुलिस ने मृतक वीरपाल के पिता ओमकार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट में ट्रक के नंबर का उल्लेख किया गया है। उसके चालक को अज्ञात बताया गया है।