कलेक्ट्रेट में भाकियू टिकैत की पंचायत में मौजूद पदाधिकारी और किसान। संवाद
पीलीभीत। धान खरीद शुरू कराने, बारिश से खराब फसलों का मुआवजा देने और गन्ने के बकाया भुगतान कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर भाकियू टिकैत ने बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। किसान जिलेभर से पंचायत में पहुंचे और प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखीं। बाद में किसानों ने अधिकारियों को ज्ञापन देकर पांच अक्तूबर तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का समय दिया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन तेज करते हुए सड़क जाम करने के लिए बाध्य होगा।
कलक्ट्रेट में जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे शुरू हुई किसान पंचायत करीब तीन बजे तक चली। जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह विर्क ने खाद्य सुरक्षा विभाग से नकली दूध, पनीर, घी और अन्य मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की। धरने में प्रदेश अध्यक्ष तराई क्षेत्र बलजिंदर सिंह मान, सचिंद्र सिंह कहलो, वेद प्रकाश शर्मा, सौराज सिंह सिद्धू, नागेंद्र सिंह, गुरदीप सिंह गोगी, गुरजीत सिंह विर्क मौजूद रहे।
गांधी सभागार में डीएम ने सुनीं समस्याएं
पंचायत के बाद जिलाधिकारी आलोक कुमार ने किसान नेताओं और किसानों को गांधी सभागार में बुलाकर समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद अब पांच अक्तूबर तक होने वाली कार्रवाई पर संगठन नजर रखेगा। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।