पहली अप्रैल से शुरू हो रही गेहूं खरीद के लिए शासन के निर्देश पर क्रय एजेंसी के प्रबंधकों एवं केंद्र प्रभारियों की कार्यशाला एवं प्रशिक्षण हुआ। डीएम ने खरीद एजेंसियों एवं हैंडलिंग ठेकेदारों को शासन की मंशा के अनुरूप खरीद के निर्देश दिए। किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में डीएम की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में डीएम ने गेहूं खरीद की तैयारियों की जानकारी ली। एडीएम अजयकांत सैनी ने बताया कि जिले की नौ एजेंसियों के माध्यम से 116 क्रय केंद्र खोलकर गेहूं खरीद की जाएगी। इसके लिए केंद्र प्रभारी एवं हैंडलिंग ठेकेदार नियुक्त कर दिए गए हैं। इससे पूर्व आरएमओ राममूर्ति पांडे एवं डिप्टी आरएमओ एसके यादव ने गुणवत्ता जांचने, किसानों से किए जाने वाले व्यवहार आदि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभी लक्ष्य निर्धारित नहीं हुआ है। साथ ही वित्तीय वर्ष बदलते ही पहली अप्रैल से ही सभी एजेंसियों को गेहूं खरीद के लिए धन भी उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी देकर उन्हें बृहस्पतिवार तक पूरा कराने के निर्देश दिए। कार्यशाला में सभी नौ एजेंसियों के जिला प्रभारी, क्रय केंद्र प्रभारी, हैंडलिंग ठेकेदार सहित कई लोग मौजूद रहे।