बजाज चीनी मिल बरखेड़ा के केन यार्ड पर धरने के दौरान मौजूद किसान।संवाद
बरखेड़ा। पिछले सत्र का गन्ना बकाया भुगतान न मिलने किसानों ने संगठनों के साथ चीनी मिल के केन यार्ड में धरना दिया। मामले की जानकारी पर चीनी मिल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
बजाज चीनी मिल ने वर्ष 2023-24 के पेराई सत्र का भुगतान अब तक नहीं किया है। इसको लेकर पूर्व में ही किसानों ने डीएम संजय सिंह को पत्र सौंपा था। 26 दिसंबर को धरने की चेतावनी दी थी। इसके बाद भी गन्ना किसानों का भुगतान नहीं हो सका। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के काफी किसान संगठन के साथ चीनी मिल के केन यार्ड में धरने पर बैठ गए।
पता चला तो मिल के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और किसानों को मनाने में जुट गए। अधिकारियों ने पिछले सत्र का भुगतान आठ जनवरी तक देने का आश्वासन दिया। साथ ही इस वर्ष का भुगतान 15 जनवरी से देने का दावा किया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
धरना देने वालों में सुनीता गंगवार, ओम प्रकाश शास्त्री, अमित मिश्रा, ओमकार गंगवार, धर्मवीर, राम सिंह सोनकर, नरेंद्र कुमार, मोहनलाल गंगवार, श्रीपाल, नन्हे लाल, ओम प्रकाश आदि लोग मौजूद रहे।