पीलीभीत। भाजपा शासन में किसान और नौजवान परेशान हैं। महिलाएं भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। देश और प्रदेश में तरक्की के लिए सपा लगातार जनता के बीच जाकर समस्याओं को सुनकर उठा रही है। यह बात रविवार को पीडीए सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कही।
शहर से सटे चंदोई गांव स्थित एक बरातघर में सपा की ओर से पीडीए सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर तंज कसते हुए लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव लगातार पीडीए की आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना कराना जरूरी है, इससे लोगों को अपनी हिस्सेदारी मिल सकेगी। इस दौरान प्रदेश महासचिव बहेड़ी विधायक अताउर रहमान व प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा समेत काफी पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
पूरनपुर। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का सपा कार्यकर्ताओं ने असम हाईवे पर गांव कजरी निरंजनपुर, गढ़वाखेड़ा, कढेरचौरा, असम चौराहा समेत कई स्थानों पर स्वागत किया। इस दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव में सपा के बेहतर प्रदर्शन को कार्यकर्ताओं की जीत बताया। कहा कि कार्यकर्ता गुटबाजी छोड़कर सपा को मजबूत बनाएं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सपा की नीतियों की जानकारी घर-घर जाकर लोगों को दें। प्रदेश महासचिव अताउररहमान ने कहा कि सपा सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा पासी का कहना था कि भाजपा आरक्षण और दलित विरोधी है।
नेताओं का स्वागत करने वालों में सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, राजकुमार राजू, पूर्व विधायक अरशद खां, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आरती महेंद्र, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव, उमाशंकर यादव, पूर्व नगर पालिका चेयमेन मुन्ने मियां अंजाना, पवन यादव, तौफीक अहमद कादरी, हाजी लाडले, नोमान अली वारसी, संजय खान, जैगम खान आदि शामिल थे। संवाद