केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाने को कहा
मेनका गांधी बोलीं, जल्द कराएंगी गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने मंगलवार को ललौरीखेड़ा ब्लॉक के ग्राम पिपरा भगू, गुटेहा, नवदिया दहला, खजुराह, सेमर गौटिया आदि गांवों में जनसभाएं कीं। उन्होंने केंद्र सरकार की जनहित योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
उन्होंने कहा कि उनके संसदीय दौरे पर आने की वजह, यहां के लोगों की समस्याओं को जानकर उसका समाधान कराना है। गांव के चहुंमुखी विकास और जिले को विकसित बनाना उनकी प्राथमिकता है। कहा कि किसानों को बेहतर उपज के लिए खेती के तरीके को बदलना होगा। किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक करते हुए काले चावल, मशरूम, मेहंदी की खेती करने को कहा। युवाओं से आह्वान किया कि वह अधिकाधिक संख्या में उनके स्तर से चलाए जा रहे नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर बनें। यह भी कहा कि वह जल्द आर्थिक रूप से कमजोर कन्याओं की शादी कराने जा रही हैं, इसमें गृहस्थी का आवश्यक सामान उनको उपहार के तौर पर दिया जाएगा। इच्छुक परिवारों से संसदीय कार्यालय में रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि सोनू बाल्मीकि, जगदीश लोधी, मंगली प्रसाद, बबलू वर्मा, लालता प्रसाद आदि थे।
रेखा को भेज व्यक्त की शोक संवेदना
एक दिन पहले बरेली हाईवे पर सड़क हादसे में मरने वाले छह युवकों की मौत पर मेनका गांधी ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने प्रतिनिधि के तौर पर रेखा परिहार को शोकाकुल परिवारों में भेजकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके अलावा एक समाचार पत्र में काम करने वाले अमित रावत की नदी में डूबकर हुई मौत पर भी दुख व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।