बीसलपुर। सर्किल के विभिन्न स्थानों पर बीते 24 घंटों में हुए सड़क हादसों में किसान की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना दियोरिया क्षेत्र के गांव खरदाह निवासी त्रिभुवन कुमार ने बताया कि उनका 53 वर्षीय भाई धर्मेंद्र कुमार मंगलवार शाम को साइकिल द्वारा कस्बा मधवापुर से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में गांव से कुछ दूर पहले ही मेनरोड पर किसी अज्ञात भारी वाहन की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। धर्मेंद्र द्वारा फोन पर दी गई सूचना मिलते ही परिजन मौके पर आ गए और धर्मेंद्र को लाकर यहां की सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन की सूचना पर पुलिस ने बुधवार को शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अचल कुमार ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मीरपुर वाहनपुर निवासी जीशान मंगलवार शाम को बाइक द्वारा नगर से अपने गांव को लौट रहा था। बाइक पर उसके परिवार की नसरील और इलमा भी थी। रास्ते में भड़रिया मोड़ पर संतुलन बिगड़ जाने से तीनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव मूसेपुर निवासी केशव कुमार मंगलवार को शाम बाइक द्वारा नगर से अपने गांव जा रहा था। रास्ते में गांव जसोली के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से वहं गंभीर रूप से घायल हो गया। मोहल्ला ग्यासपुर निवासी अलाबख्श बुधवार को दोपहर ईदगाह चौराहे को पैदल पार कर रहे थे। इसी बीच चीनी मिल की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर होने के बाद चालक ट्रक लेकर बरेली की ओर भाग गया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर केशव और अलाबख्श को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। परिजन केशव को जिला अस्पताल ले जाने की बजाए बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए।