बीसलपुर। जाति विशेष के लोगों को गालियां देने का विरोध करने पर आरोपी ने पशुशाला में सोने जा रहे गांव परसिया निवासी किसान की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और सीओ बीसलपुर पहुंचीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव परसिया निवासी हरपाल गंगवार ने बताया कि गांव का ही पप्पू कश्यप सोमवार की दोपहर नशे में धुत होकर गांव के सभी बिरादरी के लोगों को गालियां दे रहा था। उनके पिता टाकन लाल गंगवार (55) ने इसपर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों में काफी विवाद हुआ। इस बात से पप्पू कश्यप नाराज हो गया और देख लेने की धमकी देकर चला गया।
टाकन लाल सोमवार रात लगभग 10:15 बजे भोजन करने के बाद खेत में बनी पशुशाला में सोने जा रहे थे। रास्ते में उनकी ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई। बेटे हरपाल ने बताया कि रात लगभग 10:30 बजे उनके पास एक व्यक्ति ने फोन कर पिता की हत्या किए जाने की सूचना दी। वह परिवार और गांव के कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर हल्का दरोगा केपी सिंह, कोतवाल संजीव शुक्ला और सीओ प्रगति सिंह मौके पर पहुंचीं। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
हरपाल ने पुलिस को गांव के ही पप्पू कश्यप से उनके पिता से हुए विवाद के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि हरपाल की तहरीर पर पप्पू कश्यप के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्याकांड में प्रयुक्त खून से सनी ईंट बरामद कर ली है। टाकन लाल का छोटा पुत्र देवेंद्र गंगवार सीमा सुरक्षा बल में तैनात है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मंगलवार शाम को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।