बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव खनंका में बुधवार को सुबह खेत पर एक किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस की जांच में कीटनाशक दवा के दुष्प्रभाव से मौत होने का अंदेशा व्यक्त किया गया है।
गांव खनंका निवासी दंगल सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई बलवीर सिंह (45) पुत्र श्रीपाल सिंह मंगलवार को देर शाम गन्ने के खेत में पानी लगाने गए थे। वह रात भर पानी लगाते रहे। बुधवार को तड़के उन्होंने खेत में खाद भी लगाई। बुधवार को सुबह लगभग छह बजे जब वह खेतों से छुट्टा पशु भगाने गए, तब उन्होंने बलवीर सिंह को बेहोश पड़ा देखा। बलवीर के घर आकर पूरे मामले की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। वह बलवीर को बीसलपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के वास्ते लाए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में घर वालों की सहमति पर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पता चला कि बलवीर सिंह ने बुधवार को तड़के अपने गन्ने के खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया था। संभवत: वह दवा के दुष्प्रभाव से बेहोश हुए और बाद में उनकी मौत हो गई। कोतवाल कहा कि मौत की वजह पोस्टमार्टम में स्पष्ट हो जाएगी।