पीलीभीत। गन्ने की सिंचाई करने गए न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव मेवातपुर निवासी मुकेश कुमार (35) पुत्र मंगली प्रसाद को बाघ ने हमलाकर मार डाला। उनका खेत माला रेंज के जंगल से 500 मीटर दूर स्थित है। वहां मुकेश का अधखाया शव बरामद हुआ। मौके पर बाघ के पगचिह्न मिले हैं। तलाश के दौरान बाघ ने वनकर्मियों पर भी हमले की कोशिश की। जिले में एक माह में बाघ के हमले से हुई यह पांचवीं मौत है।
गांव मेवातपुर निवासी योगेश कुमार ने बताया कि उनका खेत माला रेंज में बनकटी के जंगल से सटे इलाके में है। रविवार रात गन्ने की फसल की सिंचाई का कार्य शुरू किया था। सोमवार तड़के छोटे भाई मुकेश खेत पर गए थे। काफी देर तक नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। इस दौरान खेत में ही उनका अधखाया शव मिला।
इधर, वनकर्मियों की टीमें निगरानी में जुटी हैं। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि बाघ को जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। बाघ की घटनास्थल के आसपास मौजूदगी को देखते हुए एसडीएम के साथ रेंजर के नेतृत्व में टीमें मौके पर गई हैं। मुकेश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। गांव पहुंचे डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, एसडीएम सदर व सीओ सिटी ने परिजनों को ढांढस बंधाया। परिवार को नियमानुसार मदद का भरोसा दिया।
-
14 मई को गांव नजीरगंज में फसल की सिंचाई कर रहे किसान हंसराज की बाघ के हमले में मौत।
18 मई को चतीपुर गांव में गन्ने की छिलाई कर रहे ग्रामीण राम प्रसाद की बाघ के हमले में जान चली गई।
25 मई को खिरकिया बरगदिया गांव निवासी लौंगश्री को गन्ने की निराई करते समय बाघ ने मार डाला।
03 जून को हजारा क्षेत्र के शांतिनगर गांव में बाघ घर में बर्तन धो रहीं रेशमा को उठा ले गया और मार दिया।