पीलीभीत के घुंघचाई क्षेत्र में कुछ लोगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। गर्भवती के पेट पर लात मार दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पीलीभीत के घुंघचाई थाना क्षेत्र में मकान के विवाद को लेकर एक परिवार पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने गर्भवती महिला को पीटा। पेट में लात मारने से उसकी हालत बिगड़ गई। बचाने आए पति और देवर को भी पीटकर घायल कर दिया। घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
बंडा थाना क्षेत्र के गांव नगरा नवदिया बंकी निवासी कमलजीत कौर ने घुंघचाई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें बताया कि उनका घुंघचाई क्षेत्र के गांव अभयपुर माधोपुर स्थित एक मकान को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। सोमवार को वह अपने पति रंजीत सिंह व देवर मंजीत सिंह के साथ अपने मकान में थी। आरोप है कि अभयपुर माधोपुर निवासी सुखजीत सिंह, गुरमेज सिंह, प्रेम सिंह, सुखविंदर सिंह, गुरुवंत सिंह, कुलदीप सिंह, कर्मजीत कौर, निंदर सिंह, जसप्रीत सिंह व 20- 25 अन्य लोगों ने आकर गालियां देना शुरू कर दिया। गर्भवती महिला के विरोध करने पर आरोपियों ने मिलकर उसको पीटा। इसके बाद सुरजीत सिंह व गुरमेज सिंह ने गर्भवती के पेट में लात मार दी, इससे उसकी हालत बिगड़ गई।
आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी
बचाने आए पति रंजीत सिंह व देवर मंजीत सिंह को भी पीटकर घायल कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। सूचना पर आई पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए सीएचसी भेजा। किसी ने घटना का वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने आरोपी सुखजीत सिंह, बलजीत सिंह व कुलदीप को गिरफ्तार करके चालान कर दिया। थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।