असली नंबर प्लेट बाइक पर लटके थैले से की बरामद
बरेली। प्रेमनगर पुलिस ने वाहन चोर के संदेह में एक युवक को पकड़ा तो चौंकाने वाली बात सामने आई। उसकी बाइक पर किसी और की बाइक की नंबर प्लेट लगी मिली। प्रेमनगर थाने में मामला दर्ज कर आरोपी का चालान किया गया। कोर्ट ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा है।
प्रेमनगर इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को थाना पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। झूलेलाल द्वार के पास पुलिस ने रोका तो बाइक सवार भागने लगा। पुलिस ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। बाइक सवार ने अपना नाम अहलादपुर निवासी अजय बाबू बताया। अजय बाबू की बाइक पर जो नंबर प्लेट लगी थी। वह जांच में फर्जी निकली।
चेसिस नंबर से पता लगा कि ये नंबर तो पीलीभीत के मोहल्ला डालचंद निवासी नाजिम की बाइक का है। तलाशी में अजय की बाइक पर टंगे थैले से उसकी बाइक की सही नंबर प्लेट बरामद हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि ऐसा आरोपी वाहन चालान से बचने के लिए कर रहा था। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अजय बाबू को कोर्ट में भेजा गया, यहां से उसे जेल भेज दिया। ब्यूरो