पीलीभीत। बीसलपुर-दियोरियाकलां मार्ग पर पिपरिया संजरपुर गांव के पास कार पेड़ से टकराने के बाद दरोगा पुष्पेंद्र की मौत हो गई। जिस तरह से हादसा हुआ, उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी वाहन को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ होगा। चूंकि कार पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। ऐसे में कार की स्पीड तेज होने का भी अनुमान है। कार का एक तरफ का हिस्सा ज्यादा क्षतिग्रस्त हुआ है।
खास बात है कि राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जब पुष्पेंद्र को कार से बाहर निकाला, तो उनके शरीर पर कोई गंभीर चोट ऊपरी तौर पर दिखाई नहीं दे रही थी। उनको लेकर पुलिस जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गई। बताते हैं कि पुष्पेंद्र बीसलपुर तक रास्ते में साथी पुलिसकर्मियों से बातचीत भी करते रहे। इतना जरूर कांधों के पास तेज दर्द होने की बात कह रहे थे। ऐसे में किसी ने नहीं सोंचा था कि पुष्पेंद्र की जान चली जाएगी। मुख्यालय के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई। जिसके बाद कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी को पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल भेज दिया गया। पीछे से इंस्पेक्टर दियोरियाकलां एसके उपाध्याय भी आ गए। यहां पहुंचने पर जब दरोगा को मृत घोषित क र दिया गया तो पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। एसपी अभिषेक दीक्षित, एएसपी रोहित मिश्र, सीओ धर्म सिंह मार्छाल आ गए। हादसे पर दुख जताते हुए परिवार वालों को सूचना भिजवाई गई। पुलिस लाइन से भी पुलिसकर्मी दरोगा की मौत की खबर सुनकर जिला अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए। सभी गमगीन दिखाई दिए। अभी पांच दिन पहले ही सेहरामऊ उत्तरी में तैनात दरोगा मुकेश कुमार सिंह की मौत हुई थी। मुकेश कुमार 14 जून 2019 को सड़क हादसे में घायल हुए थे। उनकी इलाज के दौरान आगरा के अस्पताल में 29 फरवरी को मौत हो गई थी।