- पुरुष और महिला अस्पताल का किया निरीक्षण
- सीएमएस को कमियां दूर करने के दिए निर्देश
सहायक निदेशक स्वास्थ्य को जिला संयुक्त चिकित्सालय के निरीक्षण में डॉक्टर बिना उपकरण ही मरीजों की जांच करते पाए गए। उन्होंने सीएमएस को कमियों को दूर करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश दिए।
सहायक निदेशक डॉ. अनीता दत्ता शनिवार को पुरुष और महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। पुरुष अस्पताल में स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों की संख्या व दी जाने वाली सुविधाओं के बाबत जानकारी की। इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी समेत डॉक्टरों के कक्षों का भी निरीक्षण किया। ईएनटी विशेषज्ञ कक्ष में डॉक्टर बिना उपकरण ही मरीजों की जांच करते पाए गए। उन्होंने डॉक्टर से उपकरणों की उपलब्धता के बारे में पूछा। डॉक्टर ने उपकरणों के अलमारी में होने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने उपकरणों के माध्यम से मरीजों की जांच करने के निर्देश दिए। नेत्र विभाग में उन्होंने मोतियाबिंद आपरेशनों की संख्या के बारे में पूछा। सीएमएस ने बताया कि यहां मात्र सरकारी स्तर पर ही आपरेशन होते हैं। इसके अलावा उन्होंने महिला अस्पताल में भी निरीक्षण कर अस्पताल में होने वाले प्रसवों की संख्या आदि के बारे में जानकारी हासिल की। सीएमएस को निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमएस डॉ. आरसी शर्मा व अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।