पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खुदागंज में बधाई मांगने गए किन्नरों के समूह पर अचानक हमला कर दिया गया। इसमें तीन लोग घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आठ नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी सिमरन किन्नर ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 31 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने साथ कल्पना किन्नर और ढोलक वादक हरिओम के साथ बधाई मांगने के लिए मोहल्ला खुदागंज गए थे। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे दीपा किन्नर, रानी किन्नर, हिना किन्नर, पवन किन्नर, पप्पी किन्नर, डालचंद, सौरभ मिश्रा, महेश निवासी मोहल्ला फीलखाना और उनके पांच अज्ञात साथियों ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों को चोटें आईं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी है।