पूरनपुर। शारदा नदी का जलस्तर कम होने पर गांव हजारा के समीप रविवार को भी कटान होता रहा। करीब 20 एकड़ जमीन गन्ना की फसल नदी में समा गई। कटान पीड़ितों ने तय किया कि सोमवार को तहसील मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को दिया जाएगा। इसके बाद भी कटान से बचाव को कार्य शुरू न होने पर मंगलवार से हजारा में धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
पिछले आठ दिनों से गांव हजारा के समीप हो रहा कटान रविवार को भी जारी रहा। गांव के राकेश कुमार ने बताया कि रविवार को भी नदी किनारे के कई किसानों की करीब 20 एकड़ में खड़ी गन्ना की फसल नदी में समा गई। कटान से बचाव के उपाय न होने से गांव के लोगों में रोष है। गांव में एकत्र हुए लोगों ने तय किया कि सोमवार को तहसील मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को दिया जाएगा। समस्याओं का समाधान न होने पर मंगलवार से हजारा में मुख्य मार्ग के समीप धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।