पीलीभीत। पॉलिथीन जब्त के लिए छापा मारने पहुंची ईओ निशा मिश्रा समेत नगरपालिका टीम को चुंगी माल गोदाम परिसर में बंधक बनाकर अभद्रता करने के मामले में हिरासत में ली गई महिला ट्रांसपोर्टर को बुधवार देर रात थाने से निजी मुचलके पर जमानत देकर छोड़ दिया गया। जबकि साथ में हिरासत में लिए गए दूसरे आरोपी को जेल भेज दिया गया। दो अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ में पुलिस को अभी सफलता नहीं मिली है।
घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे की है। सिटी मजिस्ट्रेट से सूचना मिलने पर नगरपालिका की ईओ निशा मिश्रा टीम के साथ चुंगी माल गोदाम स्थित विक्रम ट्रांसपोर्ट पर पॉलिथीन जब्त करने पहुंचीं थीं। उन्होंने वहां से 10 क्विंटल पॉलिथीन बरामद भी कर ली। इसी बीच विक्रम ट्रांसपोर्ट के मालिक विक्रम जैसवार, उनके बेटे अंशुल, एक अन्य ट्रांसपोर्टर रिया सूरी, अनुभव अग्रवाल और 12 अज्ञात लोगों ने ईओ समेत पूरी नगरपालिका टीम को बंधक बना लिया था। गोदाम के मुख्य गेट पर ताला लगाकर ईओ से अभद्रता की गई थी। इसकी सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ईओ को बंधनमुक्त कराकर ट्रांसपोर्टर रिया सूरी और अंशुल को हिरासत में लिया था। ईओ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की। आरोपी पक्ष से सिफारिशें भी अधिकारियों को कराई जाती रहीं। इसके बाद पुलिस ने अधिकारियों के निर्देश पर देर रात ट्रांसपोर्टर रिया सूरी को थाने से जमानत देकर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। वहीं दूसरे आरोपी अंशुल का अगले दिन बृहस्पतिवार को चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ नहीं हो सकी।
एक नामचीन व्यापारी की बताई जा रही पॉलिथिन
ट्रांसपोर्ट के बाहर रखी 10 क्विंटल पॉलिथीन को काली पन्नी से ढककर रखा गया था, ताकि उस पर किसी की नजर न पड़े। बुधवार सुबह प्रतिबंधित दवाओं के कार्टन बरामद करने पहुंची पंजाब पुलिस की कार्रवाई के दौरान किसी की नजर बड़ी मात्रा में रखी पॉलिथीन पर चली गई। बताते हैं कि इसी के बाद किसी ने पॉलिथीन होने की शिकायत अधिकारियों से की। बरामद पॉलिथीन को लेकर एक चर्चा और तेज हो गई है। यह पॉलिथीन ट्रांसपोर्टर के करीबी व्यापारी की बताई जा रही हैं। यह भी कहा जा रहा है कि अगर उसके गोदाम की जांच कर ली जाती तो बड़ी मात्रा में पॉलिथीन बरामदगी होती।
पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। हिरासत में ली गई महिला आरोपी को निजी मुचलके पर थाने से जमानत पर छोड़ा गया है, जबकि दूसरे युवक का चालान कर दिया है। अन्य आरोपियों को लेकर कार्रवाई जारी है। - श्रीकांत द्विवेदी, कोतवाल