माधोटांडा में विधायक बाबूराम को मिठाई खिलाते ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण
कलीनगर। लंबे इंतजार के बाद ग्राम माधोटांडा में निर्मित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के संचालन की उम्मीद जगी है। शैक्षणिक सत्र शुरू करने के लिए तीन सितंबर से प्रवेश परीक्षा होनी है। विभाग ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
ग्राम पंचायत माधोटांडा में सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान तत्कालीन विधायक प्रीतम राम ने इंटर कॉलेज को मंजूरी दिलाई थी। समाज कल्याण विभाग की ओर से विद्यालय के लिए बजट मंजूर होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन समय से बजट के अभाव में कार्य अधूरा था। इसके बाद कोविड काल के दौरान कार्य प्रभावित हुआ। साथ ही कार्यदायी संस्था की ओर से संशोधित प्रस्ताव बनाकर शासन को बजट के लिए भेजा गया।
इस साल पूर्व समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने विद्यालय के दौरान स्थिति को परखा था। इसके साथ ही विभाग को बजट के लिए पत्राचार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद क्षेत्रीय लोग विधायक बाबूराम पासवान के साथ मिलकर विद्यालय के संचालन के लिए पैरवी कर रहे थे। बजट का रोड़ा दूर होने के बाद शेष बचे कार्य जुलाई 2025 तक पूरा कर लिया गया। इसके बाद विद्यालय के संचालन की आस बढ़ गई। विभाग ने अब शैक्षणिक सत्र शुरू करने के लिए प्रवेश परीक्षा की तिथि निर्धारित की है। समाज कल्याण अधिकारी चंद्र मोहन विश्नोई ने बताया कि तीन सितंबर को परीक्षा परीक्षा होनी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की बरेली की शाखा के निर्माणाधीन होने के चलते वहां के कुछ विद्यार्थियों का शिक्षण कार्य माधोटांडा स्थित विद्यालय में कराया जा रहा है। प्रवेश परीक्षा के बाद नियमानुसार शिक्षण कार्य पर अमल होगा।
तीन सितंबर से परीक्षा होनी है। इधर, विद्यालय के संचालन को हरी झंडी मिलने पर शनिवार को विधायक बाबूराम पासवान माधोटांडा पहुंचे। इसके बाद कस्बे के लोगों के साथ विधायक ने विद्यालय पहुंचकर खुशी जाहिर की। इस दौरान राजेश सिंह, सुजन सिंह, हिरदेश त्रिगुणायत, सविन सिंह, छोटे कश्यप, सर्वेश यादव आदि लोग मौजूद रहे।