पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बक्सपुर में दबंगों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीन लोग घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर जब गांव वाले मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम बक्सपुर निवासी सीताराम ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 28 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे वह घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के भोजराज पुत्र गणेश कुमार और कमलेश पुत्र डोरीलाल उसके घर में घुस आए और चिल्लाने लगे। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए डंडों से उसकी पिटाई कर दी। डंडे के वार से उसके सिर में चोट आई। हंगामा सुनकर उसकी मां सोमवती और भाई दिलेराम बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इसी बीच शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने और गांव छोड़कर जाने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि हमलावर दबंग किस्म के व्यक्ति हैं और कभी भी जानमाल का नुकसान कर सकते हैं। कोतवाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।