शहर के किराना बाजार में सड़क पर अतिक्रमण। संवाद
- फोटो : samvad
पीलीभीत। शहर में फुटपाथ अब जल्द ही अतिक्रमण मुक्त होगा। लोगों को चलने के लिए सुरक्षित फुटपाथ मिलेगा। जाम से झाम की समस्या भी खत्म होगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने जहां पत्र जारी कर ईओ नगर पालिका को अतिक्रमण चिह्नित कर हटाते हुए फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ईओ की ओर से भी पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ को खाली कराने की कवायद तेज कर दी गई है। उनकी ओर से टीम गठित कर अतिक्रमण चिह्नित कराने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
हाल ही में देश के सर्वोच्च न्यायालय ने फुटपाथ पर चलने को मौलिक अधिकार बताया है। अधिकारियों को आदेश दिए है कि वह फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त बनाए व पैदल चलने वालों के लिए रास्ते दें। इसको संज्ञान में लेते हुए स्थानीय निकाय स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कवायदें तेज हो गई है। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश के बाद ईओ संजीव कुमार की ओर से अतिक्रमण चिह्नित करने के लिए टीम गठित कर दी गई है, जिसने शहर में अतिक्रमण को चिह्नित करने व स्थायी अतिक्रमण को चिह्नित कर नोटिस जारी करने का काम शुरू कर दिया है।
अगले माह की शुरुआत से शहर में अतिक्रमण अभियान चलेगा व फुटपाथ से कब्जे हटाए जाएंगे। इससे शहर की सड़कें पहले से कई ज्यादा चौड़ी दिखेंगी व लोगों के लिए पैदल चलने के लिए फुटपाथ भी बनाए जाएंगे। ईओ ने बताया कि अतिक्रमण चिह्नित किया जा रहा है। अगले सप्ताह से अभियान चलेगा। संवाद