पीलीभीत। शहर में जहां-जहां पर अतिक्रमण है, उसको हटाया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन ने अतिक्रमण वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर लिया है। व्यापारियों के साथ बैठक के बाद अतिक्रमण हटाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दिवाली से पहले शहर के अंदर स्टेशन रोड और रामस्वरूप पार्क के पास अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया गया था। व्यापारियों ने मुहिम का विरोध करते हुए कुछ दिन का समय मांगा था। दीपावली के बाद अतिक्रमण हटाने की बात कही गई थी। दिवाली निपटने के बाद अब प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने जा रहा है। इसके लिए क्षेत्र चिह्नित किए जा रहे हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने बताया कि शनिवार को व्यापारियों के साथ बैठक कर विचार विमर्श किया जाएगा। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। यहां बता दें कि शहर में अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों व अधिकारियों में कभी भी एक राय नहीं बन सकी है। शहर के अंदर की मुख्य सड़क पहले से ही काफी तंग है, ऐसे में अतिक्रमण के कारण इसमें आए दिन जाम लगता है। स्टेडियम रोड पर तो सड़क किनारे एंबुलेंस खड़े रहने से रोजाना ही स्कूल की छुट्टी के समय जाम लगता है।