बीसलपुर। दो दिन पूर्व नगर पालिका प्रशासन ने पुलिस के साथ पालिका गेट से ईदगाह चौराहे तक का अतिक्रमण को हटवाया था। अतिक्रमण करने वालों ने दोबारा से वहां अतिक्रमण कर लिया। इससे वहां का आवागमन प्रभावित होने लगा।
एसडीएम नागेंद्र पांडेय के निर्देश पर नगर पालिका के अतिक्रमण हटाओ अभियान के प्रभारी जकील खान ने पुलिस की मौजूदगी में नगर पालिका गेट से ईदगाह चौराहे तक का अस्थायी अतिक्रमण हटवाया था। अतिक्रमण हट जाने से इस प्रमुख मार्ग का यातायात काफी सुचारु हो गया था, इससे राहगीरों ने राहत की सांस ली थी।
दो दिन बाद ही अतिक्रमणकारियों ने फिर कब्जा कर लिया। इससे यातायात प्रभावित होने लगा है। गौरतलब है कि तहसील कार्यालय के गेट से हर समय अधिकारियों के वाहन निकालते रहते हैं, फिर भी कुछ लोग तहसील गेट पर अनधिकृत रूप से अपनी बाइकें खड़ी कर देते हैं। इसी प्रमुख समस्या को लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था, लेकिन वही समस्या फिर सामने आ गई है।
दोबारा अतिक्रमण कर लिए जाने से राहगीरों में अतिक्रमणकारियों के प्रति रोष है। इस बाबत अतिक्रमण अभियान प्रभारी जकील खान ने बताया कि बहुत जल्द पूरी मजबूती के साथ अतिक्रमण हटाया जाएगा।