नेपाली हाथियों ने महोफ रेंज के जंगल में वॉच टॉवर के भाग को क्षतिग्रस्त किया। स्रोत विभाग
महोफ रेंज में डेरा डाले दो नेपाली हाथियों का उत्पात जारी, टीमें निगरानी में जुटीं
कलीनगर। पीटीआर की महोफ रेंज में घूम रहे दो नेपाली हाथियों का उत्पात जारी है। सोमवार रात हाथियों ने मलासी वॉच टॉवर क्षेत्र में पहुंचकर उसके पिछले हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया। टॉवर पर तैनात दो वनकर्मियों ने समय रहते हाथियों की आहट सुन ली और मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद टीम ने हाथियों की निगरानी और बढ़ा दी है।
नेपाल से आए दो जंगली हाथियों का पीलीभीत टाइगर रिजर्व की महोफ और बराही रेंज के जंगलों में डेरा बना हुआ है। पिछले कई दिनों से दोनों हाथी जंगल क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं और उनकी गतिविधियों पर वन विभाग नजर बनाए हुए है। सोमवार रात दोनों हाथी महोफ रेंज स्थित मलासी वॉच टॉवर के निकट पहुंच गए।
बताया जाता है कि हाथियों ने टॉवर के पीछे वाले हिस्से पर दबाव बनाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। उस समय वॉच टॉवर पर दो वन वॉचर रात्रि गश्त और निगरानी ड्यूटी पर मौजूद थे। हाथियों की आहट मिलते ही दोनों वनकर्मियों ने तत्काल टॉवर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर निकले। घटना की सूचना मिलने पर रेंजर समेत टीम ने मौके का निरीक्षण कराया। क्षतिग्रस्त हिस्से का आकलन करने के साथ ही क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
मंगलवार को दिन के समय हाथी महोफ रेंज के ग्रासलैंड क्षेत्र में डेरा जमाय हैं, जबकि रात में जंगल के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर रहे हैं। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि दोनों हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। हाथी फिलहाल महोफ रेंज के जंगल क्षेत्र में मौजूद हैं और उनकी लोकेशन की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। संवाद