पूरनपुर। हरीपुर जंगल के समीप बिजली की हाईटेंशन लाइन का खंभा टूटने से चंदिया हजारा, राहुलनगर, मजदूर बस्ती समेत 10 गांवों में पूरे दिन बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे करीब आठ हजार की आबादी प्रभावित रही।
गर्मी के बढ़ते ही लोड बढ़ने के कारण नगर में जगह-जगह फाॅल्ट होने से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को काफी असुविधा हो रही है।
पूरनपुर देहात मेंं केबल पड़ने को लेकर एक धार्मिक स्थल के समीप रखे 400 केवीए ट्रांसफार्मर के फ्यूज सुबह साढ़े नौ बजे खोल दिए गए। इससे करीब साढ़े तीन सौ उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप रही। पूरे दिन बिजली न मिलने से भीषण गर्मी में उपभोक्ता परेशान रहे। जानकारी पर उपभोक्ताओं को शाम को छह बजे बिजली आपूर्ति मिलने की जानकारी दी गई।
जेई कुलदीप सिंह ने बताया कि बार-बार हो रहे फाॅल्ट को लेकर लोड कम करने के लिए एक और केबल डालने के कारण बिजली आपूर्ति को बंद किया गया है।
इधर, शेरपुर विद्युत उपकेंद्र से गांव चंदिया हजारा की ओर जा रही हाईटेंशन लाइन का एक खंभा हरीपुर जंगल के समीप सोमवार सुबह अचानक टूट गया। इससे एक कार सवार बाल-बाल बच गया। इससे गांव चंदिया हजारा, राहुलनगर सहित आसपास के 10 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरे दिन बंद रही।
चंदिया हजारा के प्रधान वासुदेव कुंडू ने बताया कि लाइनमैन ने खंभा उपलब्ध होने पर बदलने की जानकारी दी। जेई आशुतोष पांडेय ने बताया कि शाम तक खंभा बदलवाकर बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी।
अधिकारियों की अनदेखी से शहर की बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई
पीलीभीत। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी से शहर की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई है। रविवार की रात शहर के कई मोहल्लों में बिजली आती-जाती रही। जिससे उपभोक्ता परेशान रहे।
रविवार की रात मीना बाजार, बंजरिया और रामा इंटर कॉलेज स्थित मार्ग पर ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ जाने तो डालचंद्र निरंजन कुंज एलटी लाइन में फाॅल्ट आ जाने से भी करीब दो घंटा बिजली ठप रही।
सोमवार की सुबह आवास विकास, तहसील परिसर की तरफ एलटी लाइन में दिक्कत आने से तीन घंटा बिजली प्रभावित रही तो नींंबू वाली गली में लो वोल्टेज आने से उपभोक्ता परेशान रहे। घंटाघर के पास एलटी लाइन टूट जाने से आधा घंटा बिजली प्रभावित रही तो आवास विकास में न्यूट्रल में करंट आने से लोगों को दिक्कत हुई। इसी प्रकार दूधिया मंदिर मार्ग पर बिजली की आवाजाही से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
जेई जहांगीर आलम ने बताया कि सूचना पर कर्मचारियों को भेजकर तत्काल बिजली को सही कराया गया। संवाद
धनाराघाट रोड पर हरिपुर जंगल के समीप टूटा बिजली का खंभा । स्रोत - ग्रामीण