बीसलपुर। नगर के अलग-अलग चार स्थानों पर शनिवार को सुबह बिजली के तार टूट जाने के कारण नगर में पूरे साढ़े छह घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। इससे नागरिकों को काफी दिक्कत हुई।
ऊर्जा निगम के नगरीय अवर अभियंता गंगाराम ने बताया कि शनिवार को सुबह नगर के अलग-अलग स्थानोंं पर अलग-अलग कारणों से बिजली के तार टूट गए। तार टूटते ही नगर की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई और टूटे तार जोड़ने के लिए कर्मचारियों की टीम रवाना कर दी गई।
टीम ने सभी तारों को बारी-बारी से जोड़ा। टेस्टिंग के बाद विद्युत आपूर्ति शुरू की गई। इस प्रकार नगर में सुबह साढ़े पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। भीषण गर्मी में साढ़े छह घंटे लगातार बिजली बंद रहने से लोग बेहाल हो उठे, जब बिजली आई तब कही जाकर उन्होंने राहत की सांस ली। अवर अभियंता ने बताया कि टूटे हुए तारों को जोड़ने में कोई अनावश्यक बिलंब नहीं किया गया। तार जुड़ते ही विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई।
ट्रांसफार्मर की मरम्मत के कारण ठप रही बिजली आपूर्ति
पीलीभीत। ट्रांसफार्मर में मरम्मत के कार्य के चलते आयुर्वेदिक कॉलेज इलाके की बिजली एक घंटा गुल रही। बिजली कटौती के चलते उपभोक्ता गर्मी से परेशान रहे। कुछ इलाकों में ट्रिपिंग की वजह से भी उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर के आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहे पर रखे ट्रांसफार्मर में शनिवार को मरम्मत कार्य कराया गया। ट्रांसफार्मर की लीडें बदली गईं व तारों को चेक किया गया। कार्य के चलते आस-पास के मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मोहल्ला बेनी चौधरी में लगे ट्रांसफार्मर में तेल की कमी हो जाने पर ऊर्जा निगम की ओर से तेल डाला गया। इस वजह से मोहल्ले की बिजली आपूर्ति करीब दो घंटे तक ठप रही। मोहल्ला सुनगढ़ी, मोहल्ला साहूकारा, मोहल्ला देशनगर, शिव नगर कॉलोनी, एकता नगर कॉलोनी, निरंजन कुंज कॉलोनी, अशोक नगर कॉलोनी आदि इलाकों में दिन के समय में बार-बार ट्रिपिंग की वजह से उपभोक्ता परेशान रहे।
कई मोहल्लों में लो वोल्टेज की समस्या भी बनी रही। सेंट्रल मार्केट, अग्रवाल सभा में फेस में खराबी की वजह से इन इलाकों में भी लंबे समय तक बिजली गुल रही। अघोषित बिजली कटौती से लोगों के घरों के इनर्वटर भी डाउन हो गए। जेई जहांगीर आलम ने बताया जहां-जहां से फाॅल्ट की सूचना मिली उन इलाकों में टीम भेजकर कार्य कराकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई। संवाद