बीसलपुर। निर्माणाधीन गुलेश्वर नाथ मंदिर से रविवार की रात बिजली का कुछ तार चोरी हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने सोमवार को नगर के भाजपा नेता के कबाड़खाने से से तार बरामद कर लिया और दोनों नाबालिग चोरों को पकड़ लिया। शिकायतकर्ता ने कार्रवाई से मना किया है।
गुलेश्वर नाथ मंदिर का निर्माण नगर पालिका प्रशासन करवा रहा है। पालिका प्रशासन ने मंदिर परिसर में बिजली की फिटिंग करवाने के लिए काफी तार मंगवाकर मंदिर परिसर में डाल रखा है। रविवार की रात कुछ लोगों ने उसमें से तीन किलो तार चुरा कर मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में स्थित कबाड़खाने पर दो हजार रुपये में बेच दिया। नगर पालिका प्रशासन को सोमवार को सुबह जब तार चोरी होने की जानकारी हुई तो मंदिर के निर्माण कार्य का जिम्मा संभालने वाले शानू जायसवाल ने कोतवाली में मामले की मौखिक शिकायत की।
पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मोहल्ला दुर्गा प्रसाद स्थित कबाड़ खाने से चोरी किया गया तार बरामद कर लिया। कबाड़खाना संचालक ने पुलिस को बताया कि मोहल्ला दुबे के दो नाबालिग लड़के वह तार उनके कबाड़खाने पर दो हजार रुपये में बेच गए हैं। पुलिस ने तत्काल छापा मारकर दोनों लड़कों को हिरासत में ले लिया। लड़कों ने तार चुराने और कबाड़खाने पर बेचने की बात स्वीकार कर ली है।
सीओ राहुल पांडे ने बताया कि चुराया गया तार काफी कम कीमत का था। तार चुराने वाले दोनों लड़कें नाबालिग हैं। शिकायत करने वालों ने अपनी शिकायत वापस ले ली है। संवाद