भोपतपुर स्टेशन पर शव को देखती भीड़ फोटो संवाद
नवादा महेश और पतरसिया गांव के बीच हुआ हादसा, 25 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन
बरखेड़ा। शाहजहांपुर-पीलीभीत रेल खंड पर रविवार दोपहर हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से लगभग 62 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के कारण ट्रेन को करीब 25 मिनट तक घटनास्थल और स्टेशन पर रुकना पड़ा। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
रविवार दोपहर लगभग 12 बजे ट्रेन संख्या 55253 शाहजहांपुर से पीलीभीत की ओर जा रही थी। भोपतपुर रेलवे स्टेशन से पहले नवादा महेश और पतरसिया गांव के बीच एक बुजुर्ग अचानक झाड़ियों से निकलकर पटरी पर आ गए। चश्मदीदों का कहना है कि बुजुर्ग ने संभवतः आत्महत्या के इरादे से ट्रेन के आगे छलांग लगाई थी। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक बुजुर्ग ट्रेन की चपेट में आ चुका था। अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगने से ट्रेन में सवार यात्रियों में खलबली मच गई। ट्रेन घटनास्थल से काफी आगे जाकर रुकी, जिसे बाद में पीछे लाना पड़ा। इस बीच मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। ट्रेन स्टाफ ने स्थानीय लोगों की मदद से शव की शिनाख्त कराने कोशिश की, लेकिन सफलता न मिलने पर शव को ट्रेन में ही रखकर भोपतपुर स्टेशन ले जाया गया।
कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित
इस हादसे के चलते ट्रेन अपने निर्धारित समय दोपहर 12:20 बजे के बजाय 25 मिनट की देरी से 12:45 बजे भोपतपुर स्टेशन पहुंची। इस देरी का असर शाहजहांपुर जाने वाली दूसरी ट्रेन पर भी पड़ा, जिसे कुछ समय के लिए स्टेशन पर रोकना पड़ा। स्टेशन मास्टर की सूचना पर थाना पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि आसपास के गांवों में सूचना भिजवा दी गई है। मृतक के हुलिया के आधार पर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद