घुंघचाई। श्रमिकों को लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे सवार आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा गया।
घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव दिलावरपुर निवासी हरिद्वारी लाल हैडपंप की बोरिंग कराने के लिए मोहब्बतपुर से श्रमिकों को लेकर जा रहे थे। घुंघचाई-बंडा हाईवे पर स्थित लुकटिहाई मोड़ के पास अचानक ट्रैक्टर ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे ट्रॉली में सवार कुछ लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं हादसे में दिलावरपुर निवासी ट्रैक्टर चालक हरिद्वारी लाल, मोहब्बतपुर निवासी संतोष सिंह, रतनपाल सिंह, रामपाल सिंह सहित आठ लोग घायल हो गए।
अचानक ट्रैक्टर ट्राॅली पलटने की सूचना पर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, बमुश्किल लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए पूरनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बमुश्किल पलटे पड़ी ट्रैक्टर ट्राॅली को सीधा किया। थाना प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि उन्हें इस हादसे की जानकारी नहीं है।