जिले भर में बृहस्पतिवार को ईद धूमधाम से मनाई जाएगी। ईदुलफित्र की नमाज को तमाम मस्जिदों में देर शाम तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही रोजेदार भी देर रात तक ईद की खुशियों में मशगूल देखे गए। प्रशासन ने भी ईद को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
पूरे महीने रोजे का एहतमाम करने वाले रोजेदारों के लिए खुदा की तरफ से इनाम कही जाने वाली ईदुलफित्र को लेकर बुधवार को नौजवानों, बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं में खासा जोश नजर आया। देर रात तक लोगों ने ईद के लिए तैयार किए जाने वाले पकवानों खास कर सेंवई आदि की जमकर खरीदारी की। इसके साथ ही कोई अपने कपड़ों के लिए तो कोई अपने बच्चों को साथ लेकर उनकी पसंद की चीजें खरीदने के लिए बाजार में नजर आया।
ईद की खुशी से शहर का बाजार बुधवार सुबह से लेकर देर रात तक गुलजार रहा। जिसे देखो, वह ईद की तैयारियों में मसरूफ दिखाई दिया। उधर, ईदगाह समेत शहर की तमाम मस्जिदों में ईद की नमाज के लिए तैयारियां मुकम्मल होती रहीं।
बारिश हुई तो शाही जामा मस्जिद में होगी नमाज
ईदगाह में ईदुलफित्र की नमाज ठीक 10 बजे अदा की जाएगी। जामा मस्जिद इंतजामियां कमेटी के सैय्यद आसिफ अली कादरी ने बताया कि यदि बारिश होती है तो ईद की नमाज ठीक 10 बजे शाही जामा मस्जिद में अदा की जाएगी। उन्होंने बताया कि नमाज की तैयारी दोनों जगह की गई है।
पालिका प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
बृहस्पतिवार को होने वाली ईद को लेकर बुधवार को नगर पालिका प्रशासन भी जुटा रहा। पालिका अफसरों की देखरेख में ईदगाह जाने वाले मार्ग के गड्ढों का पटान किया गया। वहीं सफाई निरीक्षक की देखरेख में मस्जिदों के आसपास साफ सफाई कर चूना डाला गया। चेयरमैन प्रभात जायसवाल ने बताया कि सफाई व्यवस्था का वह खुद जायजा ले रहे हैं। व्यवस्थाओं को लेकर कहीं कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
ईद की नमाज का वक्त एक नजर में
मस्जिद गौसिया लोहा मंडी 6:00 बजे
मस्जिद मौला अली पुराना गंज 6:30 बजे
मस्जिद कल्लन खां नखासा 6:45 बजे
मस्जिद शामीर खां 7:00 बजे
मस्जिद घेर वाली, 7:15 बजे
मस्जिद हुसैनी लाल रोड 7:30 बजे
मस्जिद मनिहारान 7:30 बजे
मस्जिद सलमानियान 7:30 बजे
मस्जिद गौसिया फीलखाना 7:30 बजे
मस्जिद हैदरी मो वासिल 7:45 बजे
मस्जिद छीपियान चूना गली 8:00 बजे
मस्जिद शरीफ खां 8:00 बजे
मस्जिद नंबरदार पकरिया 8:00 बजे
मस्जिद सुनहरी 8:00 बजे
मस्जिद अब्बासियान 8:15 बजे
मस्जिद ऊंची बरेली गेट 8:30 बजे
मस्जिद बुजकसाबान 8:30 बजे
मस्जिद कचहरी 8:30 बजे
मस्जिद नूरी पंजाबियान 8:30 बजे
मस्जिद पुलिया वाली पकरिया 9:00 बजे
मस्जिद मदीना शाह 9:00 बजे
मस्जिद शाहजी मियां 9:00 बजे
मस्जिद अल्लाहू मियां 9:00 बजे
मस्जिद शेरिया रेलवे स्टेशन 9:00 बजे
मस्जिद शेरिया रेलवे स्टेशन 9:00 बजे
मस्जिद मलाहद खां 9:30 बजे
मस्जिद मीरासियान पकरिया 10:00 बजे
मस्जिद बेलों वाली 9:30 बजे
ईदगाह 10:00 बजे