पीलीभीत। दुकानों के खुलने का समय बढ़ने से दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी राहत मिली है। हालांकि दो शिफ्टों में बाजार खुलने के पहले दिन बुधवार को ईद की खरीदारी करने वाले ही ज्यादा नजर आए। इतने दिनों तक कैद रहने के बावजूद बाजार में ज्यादा भीड़ न होने के पीछे कोरोना का खौफ रहा।
बृहस्पतिवार को बाजार सुबह सात बजे से शाम 6:30 बजे तक खुला रहा। इससे बाजार में दुकानों की स्थिति तो सामान्य सी लगी। मगर ग्राहकों को भीड़ बहुत ज्यादा नहीं थी। लोग भी अलर्ट दिखे। हालांकि कुछ दुकानों ग्राहक सामाजिक दूरी का पालन करते हुए दिखाई नहीं दिए। लॉकडाउन में बाजार खुलने में समय की रियायत मिलने से ईद की खरीदारी हुई। स्टेशन रोड, चावला चौराहा, गैस चौराहा, जेपी रोड, ड्रमंडगंज चौराहा, चौक बाजार, छिपियान मस्जिद, चूड़ी वाली गली और लाल रोड की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमडी। ज्यादतर लोग ईद की खरीदारी करते नजर आए। हालांकि कुछ लोग तो सामाजिक दूरी का पालन करते दिखे, मगर, बहुत से लोग सटकर खड़े दिखाई दिए। दुकानदार उन्हें ऐसा न करने के लिए कह रहे थे, मगर उनकी बातों का असर नहीं दिखा। शहर में सुबह से शाम तक बाजार में भीड़ रही। पुलिस ने बाजार में घूमकर दुकानदारों और ग्राहकों को सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की चेतावनी दी। कपड़ा, रेडीमेड, बिसातखाना, किराना, मेडिकल दुकानों के अलावा स्पेयर पार्टस, कृषि दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। व्यापारियों का कहना था कि इस बार ईद पर पिछले वर्ष के सापेक्ष 20 फीसदी भी बिक्री नहीं हुई। जल्द हालात सामान्य नहीं हुए तो कारोबार करना मुश्किल होगा।