पीलीभीत। लॉकडाउन के बीच अलविदा की नमाज घरों में सादगी से अदा की गई। लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए जनपद भर की मस्जिदों में इमामों ने नमाज पढ़ी, जबकि अन्य लोगों ने घरों में रहकर इबादत की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भ्रमण पर रहकर हालात परखते रहे। नमाजियों से सामाजिक दूरी बनाने की अपील प्रशासन और पुलिस के अलावा धर्मगुरुओं ने भी की थी।
लॉकडाउन में पहले से ही स्पष्ट कर दिया गया था कि इस बार अलविदा पर मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा नहीं की जाएगी। पुलिस-प्रशासन ने इसे लेकर निगरानी बढ़ाई। वहीं धर्मगुरुओं ने भी लॉकडाउन का पालन करने की अपील की। शुक्रवार को इसका असर भी देखने को मिला। मस्जिदों में सिर्फ इमाम या फिर वहां रहने वालों ने ही नमाज अदा की। बाहर से लोगों को नमाज पढ़ने के लिए न तो बुलाया गया न ही किसी के पहुंचने पर उसे प्रवेश मिला। नमाजियों ने भी कोरोना महामारी से खुद और दूसरों को बचाने की खातिर नियमों का पालन किया। अधिकांश नमाजियों ने घरों में रहकर ही इबादत की। दोपहर में नमाज के वक्त डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी अभिषेक दीक्षित, एडीएम वित्त अतुल सिंह, एएसपी रोहित मिश्र, सीओ सिटी प्रवीण मलिक समेत अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ भ्रमण पर रहे। अफसरों ने शहर के हालात का जायजा लिया। जामा मस्जिद गेट पर भी अधिकारी नमाज के समय मौजूद रहे। इस दौरान सड़कों पर निकलने वालों से भी लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील की जाती रही।