गांधी स्टेडियम में निरीक्षण करती टीम। स्रोत विभाग।
स्टेडियम में जलभराव की समस्या को लेकर तैयार की रिपोर्ट
पीलीभीत। डीएम की ओर से गठित टीम ने बुधवार को गांधी स्टेडियम में पहुंचकर वहां का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद जलभराव की समस्या को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। जांच रिपोर्ट आने के बाद गांधी स्टेडियम में अत्याधुनिक कार्यों को कराया जाएगा।
बरसात के महीने में गांधी स्टेडियम में जलभराव हो जाता था। इससे खेल गतिविधियां ठप हो जाती थी। 13 मई को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जल भराव की समस्या की निराकरण के लिए नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण और उप क्रीड़ा अधिकारी सहित पांच सदस्यीय टीम को गठित किया।
गांधी स्टेडियम खेल के मैदान में जलभराव की समस्या से निजात दिलाए जाने को लिए जिला अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की ओर से गठित कमेटी ने बुधवार को गांधी स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह ने बताया टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि स्टेडियम की दीवार से लगा हुआ तालाब है। बरसात के दौरान तालाब ओवरफ्लो होने पर तालाब का पानी स्टेडियम की बाउंड्री के सहारे से ही पानी स्टेडियम में प्रवेश कर जाता है। समिति ने दीवार के किनारे एप्रन बनाए जाने की बात कही है। दीवार के किनारे लेबलिंग कराकर सेक्शन पंप बनाए जाने की बात कही गई है। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया समिति की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी निर्णय लेंगे और उसी के अनुसार काम कराया जाएगा। संवाद