पीलीभीत। कमीशनखोरी पर अंकुश लगाने के लिए शासन स्तर से बड़ा निर्णय लिया गया है। परिषदीय स्कूलों में बच्चों को दी जाने वाली यूनिफॉर्म का पैसा अभिभावकों के सीधे खाते में आएगा। इसके लिए शासन ने शिक्षा विभाग को अभिभावकों के खाते अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। शासन के आदेश के बाद विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जनपद में बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा 1503 परिषदीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इसमें 932 प्राथमिक, 294 उच्च प्राथमिक विद्यालय और 277 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। इनमें 1.68 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। सरकार की तरफ से हर साल बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते मोजे, स्वेटर आदि का वितरण किया जाता है। शासन ने इस बार कमीशखोरी पर लगाम कसने के लिए बच्चों को दी जाने वाली दो जोड़ी यूनिफॉर्म का पैसा अब उनके अभिभावकों के खातों में ट्रांसफर करने का निर्णय लिया है। इससे पहले तक यूनिफॉर्म का पैसा स्कूल के खाते में जाता था। जिससे अकसर बच्चों की यूनिफॉर्म की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहे हं। यूनिफॉर्म का पैसा भेजने से पहले शासन ने बीएसए को निर्देश दिए हैं कि वह अभिभावकों के खाते अपडेट कर लें, ताकि उनके खातों में पैसा ट्रांसफर किया जा सके। 15 जुलाई तक अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म का पैसा पहुंच जाएगा।
यूनिफॉर्म की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल पर अब पूर्ण रूप से विराम लगेगा। शासन ने अभिभावकों के खाते अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। यूनिफॉर्म की धनराशि बच्चों के अभिभावकों के खाते में पहुंचाई जाएगी।
- चंद्रकेश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी