पीलीभीत। हाथों की लकीरों को मोड़ता-मरोड़ता है हौसला, परिस्थितियां नहीं मेहनत ही करती है किस्मत का फैसला। इन पंक्तियों को चरितार्थ किया शहर के होनहार शिवम महाजन ने। शिवम ने 21 जुलाई को हुई इंटरनेशनल स्पेस ओलंपियाड की जूनियर कैटेगरी के फाइनल राउंड में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर टॉप टेन में सातवां स्थान प्राप्त किया है। अब शिवम को नासा अमेरिका भेजा जाएगा।
शहर की मधुवन कॉलोनी निवासी सीए रितु महाजन और व्यवसायी ऋषि महाजन के पुत्र शिवम लिटिल एंजिल्स में कक्षा छह में पढ़ते हैं। उनकी विज्ञान में दिलचस्पी को देखते हुए उनके परिजनों ने उनका हौसला बढ़ाया और इंटरनेशनल स्पेस ओलंपियाड (आईएसओ) में शामिल होने को प्रेरित किया। पिता ऋषि ने बताया कि आईएसओ जूनियर में कक्षा पांच से आठ के बच्चों के लिए ऑनलाइन परीक्षा हुई, जिसमें इंडिया के अलावा अन्य देशों के बच्चों ने भी प्रतिभाग किया था। इसमें राष्ट्रीय स्तर पर शिवम ने पांचवां स्थान पाते हुए आईएसओ के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लिया। जिसमें शिवम ने टॉपटेन लिस्ट में सांतवां स्थान पाया। शिवम के पिता के मुताबिक अब शिवम् नासा जाएगा। इस सफलता के पीछे शिवम के माता-पिता, अमेरिका में रह रहे चाचा रजत महाजन, प्रधानाचार्य सीमा अग्रवाल, शिक्षक जानी राठौर, उमेश और अमित मिश्रा का खासा योगदान रहा। शिवम की सफलता पर उन्हें कई शुभचिंतकों ने बधाई दी।