बरखेड़ा (पीलीभीत)। मिड डे मील के तहत स्कूल में दी गई दाल गिरने से छात्रा के झुलसने के बाद परिवार वालों ने रसोइया और हेड मास्टर के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें उन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के कुरैइया ताल्लुके फूटाकुआं गांव निवासी हरप्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी मुस्कान गांव के ही प्राइमरी विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा है। शनिवार को मुस्कान रोज की तरह स्कूल गई थी। आरोप है कि मिड डे मील के तहत छात्रा को गर्म दाल दी गई, जो उसके पैर पर रसोइया की लापरवाही के चलते गिरा दी गई। इसमें छात्रा का पैर झुलस गया। इसके बाद हेड मास्टर ने भी छात्रा को इलाज कराने के बजाय ऐसे ही घर भगा दिया। रविवार को थाना पुलिस को तहरीर देकर पिता ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बच्ची के पिता ने रसोइया और हेड मास्टर के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें बच्ची पर गर्म दाल डालने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
- आलोक मिश्र, एसओ
बच्ची को खाने में दाल दी गई थी। वह अपनी प्लेट लेकर भागती हुई जा रही थी और फिर गिर गई। इस बीच पास में ही खड़े दूसरे छात्र की दाल उस पर गिर गई। उस पर दाल रसोइया ने नहीं गिराई है। मैंने तुरंत ही उसको पानी से साफ कराकर प्राथमिक उपचार दिया और फिर उसको घर भेज दिया था। लगाए गए आरोप पूरी तरह से गलत हैं।
- संजीव कुमार, हेड मास्टर