शहर के एसएन इंटर कॉलेज में बनी केंद्र से परीक्षा देकर निकलते बच्चे। संवाद
पीलीभीत। जिले में रविवार को राष्ट्रीय आय-योग्यता आधारित परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के लिए शहर में सात केंद्र बनाए थे। इनमें कुल 2737 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 2016 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 721 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहीं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित हुई।
शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में 437 परीक्षार्थियों में से 323 ने परीक्षा दी। अवंती बाई बालिका इंटर कॉलेज में 350 में से 266 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। जबकि अंगूरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 350 में से 258 परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 400 में से 303, चिरौंजी लाल इंटर कॉलेज में 400 में से 300, एसएन इंटर कॉलेज में 400 में से 287 और सनातन धर्म बांके बिहारी इंटर कॉलेज में 400 में से 279 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुदृढ़ रहीं। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों ने निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती। डीआईओएस समेत अफसरों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीआईओएस राजीव कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से गड़बड़ी या अनुशासनहीनता की कोई शिकायत नहीं मिली। सभी केंद्रों पर परीक्षा नियमानुसार संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि परीक्षा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों की प्रतिभा का मूल्यांकन कर उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान करना है।
शहर के एसएन इंटर कॉलेज में बनी केंद्र से परीक्षा देकर निकलते बच्चे। संवाद