पीलीभीत। आगामी फरवरी में प्रस्तावित यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सख्त मानक तय किए हैं, ताकि नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराई जा सके।
डीआईओएस के अनुसार परिषद ने केंद्र के मानकों को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। केंद्र के रूप में उन्हीं विद्यालयों का चयन होगा जिनके पास चहारदीवारी युक्त भवन, पृथक प्रशासनिक कार्यालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सीसीटीवी कैमरों की पूरी व्यवस्था होगी। परीक्षा कक्षों, कार्यालयों और परिसर के प्रत्येक हिस्से में कैमरे लगे होने आवश्यक हैं। इसके अलावा विद्यालय की स्थिति पूरी तरह चालू होनी चाहिए। छात्र-छात्राओं के लिए पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था होना अनिवार्य है। प्रत्येक केंद्र पर वाई-फाई की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी। इससे परीक्षा के दौरान निगरानी प्रणाली प्रभावी रूप से काम कर सके। जिला स्तरीय टीमों को निर्देश दिए हैं कि वे मानकों के अनुरूप विद्यालयों की सूची तैयार करें और निरीक्षण के बाद ही परीक्षा केंद्रों का प्रस्ताव भेजें। अधिकारियों का कहना है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल मॉनिटरिंग के दायरे में रखा जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका न रहे।