विज्ञान मॉडल को देखते सिटी मजिस्ट्रेट और बीएसए। स्रोत विभाग
पीलीभीत। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार अभियान एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और जोश के साथ हुआ। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने विज्ञान और सामान्य ज्ञान में अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। क्विज प्रतियोगिता में टीम ई विजेता रही।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर और बीएसए रोशनी सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। इसके बाद विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। इसमें जिले के सभी आठ विकासखंडों से आए छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर और बीएसए रोशनी सिंह ने स्टॉल पर जाकर मॉडलों का निरीक्षण किया और बच्चों से उनके मॉडल की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और उद्देश्य के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बच्चों की सोच और नवाचार की सराहना की।
क्विज प्रतियोगिता के तहत पहले चरण में लिखित प्रश्नोत्तरी आयोजित हुई। इसमें जिले के आठों विकासखंडों से आए 40 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। दूसरे चरण में चयनित 25 छात्र-छात्राओं ने मौखिक क्विज में भाग लिया। पूछे गए प्रश्नों के आधार पर टीम ई के प्रतिभागी विजेता घोषित किए। विजेताओं में मरौरी ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल कुंवरपुर के कौशल सिंह, नगर क्षेत्र के कंपोजिट स्कूल नखासा की सुमन मंडल, पूरनपुर के पीएम श्री कंपोजिट स्कूल खासपुर की सृष्टि यादव, बरखेड़ा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल बरगदा की मिथिलेश और बीसलपुर ब्लॉक के जूनियर हाईस्कूल किशनी के अजीत गंगवार शामिल रहे।
विज्ञान प्रदर्शनी में ललौरीखेड़ा कंपोजिट स्कूल बरहा के ऋतिक, बिलसंडा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल नौगवां संतोष की प्रशा, पूरनपुर के कंपोजिट स्कूल खासपुर के विवेक, बरखेड़ा के कंपोजिट स्कूल बरगदा की प्रियांशी श्रीवास्तव और बीसलपुर ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल सिसैया जलालपुर के यश पाराशर को विजेता घोषित किया। सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बीएसए रोशनी सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विज्ञान प्रदर्शनी के विजेताओं को टैबलेट और अन्य विजेताओं को विज्ञान किट प्रदान की। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। निर्णायक मंडल में राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता सर्वेश गंगवार, डायट बीसलपुर के प्रवक्ता स्वदेश गंगवार, वीरेंद्र कुमार और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रवक्ता सुमन शामिल रहीं। इस अवसर पर कई विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समग्र शिक्षा टीम, एआरपी, एसआरजी, प्रधानाध्यापक और शिक्षक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।