बाजार में ई रिक्शा का प्रवेश बंद करने की कवायद
मुख्य बाजार में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अफसरों ने मंथन शुरू कर दिया है। ई-रिक्शा चालकों पर लगाम लगाने की तैयारी की जा रही है। बाजार को वन-वे करने के साथ ही ई-रिक्शा की इंट्री बंद की जाएगी। कई साल से जाम की समस्या शहर वासियों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। इसके समाधान के लिए की गई पहल हर बार आधी अधूरी साबित हुई। दुकानों के आगे सामान रखकर सड़क घेरने से व्यवस्था पहले ही बेपटरी थी, लेकिन ई-रिक्शा की बढ़ोत्तरी से समस्या और गंभीर हो गई। इसके समाधान के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर से कार्रवाई के प्रयास शुरू किए गए हैं। पुलिस ने ई-रिक्शा के बाजार में प्रवेश पर रोक लगाने की रणनीति बनाई है। ड्रमंडगंज चौराहा से गैस चौराहा तक बाजार के हिस्से में ई-रिक्शा नहीं घुसने दिए जाएंगे। बाजार से जोड़ने वाले रास्तों पर भी बैरियर लगाकर पुलिस बल की तैनाती रहेगी ताकि ई-रिक्शा का प्रवेश न हो। इसको सख्ती से पालन कराने की जिम्मेदारी टीएसआई, सुनगढ़ी व कोतवाली थानाध्यक्ष को सौंपी जाएगी। अफसरों का मानना है कि इससे व्यवस्था में सुधार होगा।
अतिक्रमण कारियों को दे दी गई छूट!
ई-रिक्शा के प्रवेश से हालात भले ही सुधर जाएं, लेकिन पूरी तरह से जाम से निजात दिलाने के लिए दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण को हटाना अहम होगा। अफसोस व्यापारी नेताओं के दबाव के आगे प्रशासनिक अफसर इसको नजर अंदाज कर गए है। सिटी मजिस्ट्रेट राजितराम प्रजापति दुकान के आगे सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को सिर्फ एनाउंसमेंट कराकर चेतावनी देकर ही कर्तव्यों से इतिश्री कर ली है।
बाजार को वन-वे करने पर विचार किया गया है। इसमें रिक्शा का प्रवेश बाजार में बंद किया जाएगा। अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों पर भी सख्ती की जाएगी। इसके लिए व्यापार मंडल के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद ही इसको लागू किया जाएगा। - अनुराग दर्शन, सीओ सिटी