नौगवां चौराहे से कचहरी तक की सड़क फोर लेन होगी
शहर के मध्य से गुजरने वाले टनकपुर हाइवे पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए इसे चौड़ा करने की कवायद शुरू हो गई है। पीडब्ल्यूडी ने नौगवां चौराहे से कचहरी तक इस मार्ग को डिवाइडर युक्त फोरलान बनाने के लिए सर्वे शुरू कराया है। कई दशक पूर्व शहर का जेपी रोड मुख्य मार्ग होता था। बरेली की ओर से जाने वाले लोग इस मार्ग से होकर टनकपुर की ओर जाते थे। बाद में नौगवां चौराहे से बाईपास का निर्माण कराया गया। इसके बाद शहर में हुए विकास के चलते यह टनकपुर बाईपास शहर के मध्य में आ चुका है। इस पर वाहनों का भारी दबाव है। प्रारंभ में यह बाईपास भी काफी चौड़ा था लेकिन कई जगह कब्जे होने के चलते इसकी चौड़ाई कम हो गई है। हालांकि इस मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए नया बाईपास स्वीकृत हो चुका है लेकिन शहर के अंदर के इस मार्ग को भी चौड़ा करने की जरूरत अरसे से महसूस की जा रही है। इस पर डीएम के निर्देश पर अब पीडब्ल्यूडी ने कवायद शुरू की है। नौगवां चौराहे से प्रारंभ होकर डिग्री कॉलेज चौराहा, छतरी चौराहा, गौहनिया चौराहा, यशवंतरी चौराहा, नकटदाना चौराहा से कचहरी तक लगभग चार किमी लंबे मार्ग को डिवाइडरयुक्त बनाकर फोरलेन करने की योजना है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने मार्ग का सर्वे शुरू करा दिया है।
नौगवां से कचहरी तक के मार्ग को फोरलेन बनाने की योजना है, लेकिन इससे पूर्व मार्ग का सर्वे कराकर इसके दोनों और खड़े पेड़, बिजली के पोल, यात्री शेड एवं अन्य भवन, पुलियों आदि की स्थिति का आंकलन तैयार किया जाएगा। इसके बाद शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
- प्रदीप रस्तोगी, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी