पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडेय ने औचक निरीक्षण के दौरान मीटरगेज ट्रेनों के यात्रियों के लिए बनाए जा रहे पाथ वे का जायजा लिया। उन्होंने जल्द कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। पाथ वे का कार्य पूरा होने के बाद ही फुट ओवरब्रिज को हटाया जाएगा।
पीलीभीत-भोजीपुरा रेल ट्रैक पर ब्राडगेज कार्य अंतिम दौर में है। इसको लेकर रेलवे स्टेशन पर बना फुुट ओवरब्रिज हटाया जाना है। एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए रेल यात्रियों के लिए फुट ओवरब्रिज ही एक मात्र रास्ता है। ऐसे में रेल यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन अधीक्षक कक्ष व आरपीएफ थाने के समीप दो पाथ वे बनाए जा रहे हैं। इसमें स्टेशन अधीक्षक कक्ष के समीप बन रहे पाथ वे का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि आरपीएफ थाने के पास बनाया जा रहा पाथ वे अभी निर्माणाधीन है। इधर बुधवार दोपहर डीआरएम निखिल पांडेय दोनों पाथ वे का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवागमन के रास्तों आदि के बारे में जानकारी हासिल की और जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। प्लेटफार्मों पर साफ सफाई, प्रकाश व खानपान के स्टालों का भी जायजा लिया। रेल अधिकारियों के मुताबिक पाथ वे का निर्माण पूरा होने के बाद ही डीआरएम की स्वीकृति मिलने पर फुट ओवरब्रिज हटाया जा सकेगा।
ब्राडगेज कार्य जारी
पहले सीआरएस निरीक्षण के दौरान तमाम खामियां मिलने पर हुई कार्रवाई के बाद ब्राडगेज से जुड़े अफसर अब कोई रिस्क नहीं लेना चाह रहे है। पीलीभीत-भोजीपुरा ब्राडगेज ट्रैक पर दूसरे सीआरएस निरीक्षण से पूर्व निर्माण, सिग्रल समेत अन्य विभागों के अधिकारी अपने अपने हिस्से का कार्य तेजी से कराने में जुटे हैं। बुधवार को भी अलग-अलग स्थानों पर ब्राडगेज कार्य युद्धस्तर पर जारी रहे।