बीसलपुर निवासी चालक अपनी मैजिक गाड़ी में सवारियां बैठाकर शाहजहांपुर से लौट रहा था। चीनी मिल के पास सड़क पर खड़ी ट्रॉली से उसकी गाड़ी टकरा गई। हादसे में चालक की मौत हो गई।
पीलीभीत के बीसलपुर में चीनी मिल के पास सोमवार रात सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली से टकराकर मैजिक चालक की मौत हो गई है। मैजिक में सवार शाहजहांपुर के दो लोग घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
बीसलपुर के मोहल्ला गयासपुर निवासी चंद्रकली ने बताया कि उनका पुत्र सागर (25) सोमवार रात मैजिक वाहन लेकर शाहजहांपुर से लौट रहा था। रास्ते में चीनी मिल के पास सड़क किनारे खड़ी गन्ना भरी ट्रॉली से मैजिक टकरा गई। हादसे में सागर व मैजिक में सवार शाहजहांपुर के थाना रोजा के गांव मडरा सरल निवासी प्रियांशु और सत्यपाल गंभीर घायल हो गए।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां से सागर को बरेली ले जाया जा रहा था, रास्ते में उसकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे से मृतक के घर में कोहराम मचा है।
20 दिन पहले पिता और छह माह पूर्व भाई की हुई थी मौत
मृतक की मां चंद्रकली ने बताया कि 20 दिन पहले मृतक के पिता तौलेराम की मौत हो गई थी। छह माह पूर्व भाई अभि कुमार की बीमारी से जान चली गई थी। अब सागर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।