पीलीभीत। यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद इंटर पास करने वाले छात्रों के सामने आगे की पढ़ाई को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेने का समय है। उच्च शिक्षा के लिए विभिन्न कोर्स और संस्थानों की उपलब्धता से छात्र-छात्राओं के सामने कई विकल्प मौजूद हैं। स्नातक कक्षाओं पर में प्रवेश की मारामारी नहीं होगी। सरकारी और निजी संस्थानों में रोजगारपरक कोर्स में प्रवेश की सुविधा भी छात्रों को जिले में मिलेगी।
जिले में इंटरमीडिएट के बाद छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पारंपरिक स्नातक पाठ्यक्रम जैसे बीए, बीएससी और बीकॉम के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में पॉलिटेक्निक जैसे कोर्स भी छात्रों को अपने कॅरिअर को नई दिशा देने का मौका दे रहे हैं। इस वर्ष जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 19,286 विद्यार्थियों ने भाग लिया, इनमें से 14,743 छात्र-छात्राएं सफल रहे। परिणामों में मेधावी छात्रों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है। टॉप-10 सूची में कुल 12 छात्रों ने स्थान बनाया, इनमें सात छात्र और पांच छात्राएं शामिल हैं। यह आंकड़ा जिले में शिक्षा के स्तर और प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है।
शहर में उच्च शिक्षा के लिए उपाधि कॉलेज, रामलुभाई महिला महाविद्यालय और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज जैसे संस्थान छात्रों के लिए प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। इन संस्थानों में स्नातक और तकनीकी शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हैं, इससे छात्रों को अपने रुचि और योग्यता के अनुसार विषय चुनने का अवसर मिलता है। कई निजी कालेजों में पैरामेडिकल, शिक्षा स्नातक, बीबीए, बीसीए और कई अन्य पाठ्यक्रम मौजूद हैं। संवाद