जिले में आयोजित तहसील दिवस में कुल 301 शिकायतें दर्ज हुईं। इसमें से मात्र 17 शिकायतों का निस्तारण हो सका। सर्वाधिक 209 शिकायतें पूरनपुर में डीएम की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में आईं। इसमें से 12 शिकायतों का निस्तारण हुआ। बीसलपुर में 41 में एक और शहर में 51 में से चार शिकायतें निस्तारित हो सकीं। तहसील दिवस के बाद डीएम ने गांव गजरौला खास पहुंचकर विकास कार्यों का सत्यापन किया।
सदर तहसील में एडीएम अजय कांत सौनी की अध्यक्षता में तहसील दिवस हुआ। इसमें 51 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष के निस्तारण के लिए टीमें बनाकर मौके पर भेजी गईं।
पूरनपुर। ब्लाक सभागार में हुए तहसील दिवस में 209 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखी। जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। गांव इटौरिया जमीमा बिहारीपुर निवासी पुत्तूलाल ने वन कर्मियों पर अभद्रता कर धमकाने का आरोप लगाया। मोहल्ला साहूकारा निवासी राकेश गुप्ता ने मोहल्ला के कुछ लोगों पर प्लॉट पर कब्जा करने की धमकी देने, घेराव करने आदि का आरोप लगाया। कलीनगर निवासी राजाराम ने कस्बा के कुछ लोगों पर टाउन एरिया की भूमि पर कब्जा करने की शिकायत की। इस तरह से कुल 209 शिकायतें दर्ज हुईं। डीएम मसूम अली सरवर ने 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण करा दिया।
तहसील दिवस मेें एसपी जवाहर, सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी, सीएमओ ओम चौहान, डीडीओ एके चंद्रौल, पीडी आरबी भास्कर, एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार, सीओ राजेश्वर सिंह, तहसीलदार दिग्विजय सिंह आदि अधिकारी थे।
तहसील दिवस के बाद डीएम लोहिया ग्राम गजरौला खास पहुंचे और विकास कार्यों का सत्यापन किया। चौपाल लगाकर समस्याएं सुनी। गांव में बिजली सप्लाई न होने की जानकारी पर शीघ्र ही गांव में बिजली सप्लाई कराने का आश्वासन दिया।
बीसलपुर। तहसील दिवस की अध्यक्षता एसडीएम बीपी सिंह ने की। इस मौके पर आईं 41 में से मात्र एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए एसडीएम ने संबंधित विभागों को सौंप दिया। इस दौरान तहसीलदार नन्हेलाल ने किया।
15 घरों का पानी बंद करने की शिकायत
बिलसंडा। गांव चांदपुर रक्षपाल सिंह और संजय यादव के नेतृत्व में तमाम ग्रामीण तहसील दिवस पहुंचे। ग्रामीणों ने शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके मोहल्ले के करीब 15 लोगों के घरों का पानी जिस नाली से होते हुए तालाब में जाता था उसे गांव के ही कुछ लोगों ने बंद कर दी। और पक्का निर्माण करा लिया है।